मऊ। केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग मऊ द्वारा गाजीपुर तिराहे पर तीन दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। प्रदर्शनी में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी, विकासपरक योजनाओं तथा उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है।
प्रदर्शनी का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य तथा गोरखपुर क्षेत्रीय महामंत्री सुनील कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन के बाद जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर आयोजित मीडिया वार्ता में वक्ताओं ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है, ताकि पात्र लाभार्थी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
जिला सूचना अधिकारी धनपाल सिंह ने बताया कि यह प्रदर्शनी आगामी तीन दिनों तक आमजन के लिए खुली रहेगी। उन्होंने लोगों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उनकी उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त करने का आग्रह किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को सरकार की विकासपरक योजनाओं एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी मिलेगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं आमजन उपस्थित रहे। प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों तथा शासन की प्रमुख उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है।











