मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम और आवागमन की समस्या से निजात दिलाने के लिए मुहम्मदाबाद गोहना-चिरैयाकोट मार्ग स्थित पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग संख्या 13सी पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण की प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम की ओर से प्रस्तावित इस महत्वपूर्ण परियोजना के तहत तकनीकी टीम ने स्थल का निरीक्षण कर प्रारंभिक सर्वे कार्य शुरू कर दिया है।
सर्वे के दौरान सड़क की चौड़ाई, यातायात का दबाव, रेलवे लाइन की स्थिति तथा आसपास के क्षेत्रों का अध्ययन किया जा रहा है। इसके आधार पर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी तथा निर्माण लागत का आकलन किया जाएगा।
मुहम्मदाबाद गोहना-चिरैयाकोट मार्ग की रेलवे क्रॉसिंग पर प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है। ट्रेन गुजरने के दौरान फाटक बंद होने से लंबा जाम लग जाता है, जिससे व्यापारियों, छात्रों, कर्मचारियों तथा आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्रवासियों द्वारा लंबे समय से ओवरब्रिज निर्माण की मांग की जा रही थी। सर्वे कार्य शुरू होने से लोगों में वर्षों पुरानी समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद जगी है।
बसपा नेता डॉ. धर्म सिंह, व्यापारी नेता जगदीश प्रसाद गुप्ता, मनोज कश्यप, अनमोल साहू तथा अमरनाथ चौहान समेत अन्य स्थानीय नागरिकों ने सरकार और सेतु निगम के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि ओवरब्रिज बनने से यातायात व्यवस्था सुगम होगी और क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी। साथ ही आपातकालीन सेवाओं के संचालन में भी सुविधा होगी।
उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री ने बताया कि ओवरब्रिज के लिए सर्वे कार्य शुरू हो चुका है। जहां भी भूमि संबंधी समस्या सामने आएगी, उसका समाधान कर आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करने के बाद निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा। परियोजना पूरी होने पर मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के हजारों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।











