
🔴 मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की स्थानीय शाखा की एक आवश्यक बैठक रविवार को आयोजित की गई। बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने मानदेय एवं प्रोत्साहन राशि के समय पर भुगतान न होने पर गहरी नाराजगी जताई और लंबित भुगतान जल्द जारी करने की मांग की।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष निशा ने कहा कि मानदेय और प्रोत्साहन राशि का नियमित भुगतान नहीं होने से आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व में स्थानीय बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) को पत्र देकर समस्याओं के समाधान की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के एक माह का मानदेय अभी तक बकाया है, जिसे तत्काल जारी किया जाना चाहिए। साथ ही सभी लंबित भुगतान शीघ्र कराने की मांग भी दोहराई गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 25 जुलाई को महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ का प्रतिनिधिमंडल जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) से मिलकर अपनी मांगों को प्रमुखता से रखेगा। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
बैठक में साहिल कुमारी सिंह, बीना राय, प्रमिला देवी, इशरत जहां, शगुफ्ता खातून, अलका देवी, दुर्गा, गायत्री, गीता, राधिका, फकीरा बानो सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां उपस्थित रहीं।











