
रामगढ़ताल थाना पुलिस ने निवेश के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में वांछित एक अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, अभियुक्ता पर कंपनी में निवेश कराने और महज दो वर्षों में करीब 100 गुना लाभांश दिलाने का लालच देकर करीब 30 लाख रुपये का गबन करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैण्ट के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक रामगढ़ताल के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मनोज कुमार ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई की।
गिरफ्तार अभियुक्ता की पहचान शालिनी नास्कर पत्नी सुकांता बनर्जी, निवासी कोलकाता के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे थाना रामगढ़ताल में दर्ज मुकदमा संख्या 0750/2025, धारा 420, 467, 468, 471 और 120बी भादवि से संबंधित मामले में गिरफ्तार किया है।
100 गुना मुनाफे का दिया था लालच
पुलिस के मुताबिक, शालिनी नास्कर ने अपने साथियों के साथ मिलकर वादी मुकदमा को एक कंपनी में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। आरोप है कि उसे दो साल में करीब 100 गुना लाभ मिलने का लालच दिया गया। इसी झांसे में लेकर वादी से करीब 30 लाख रुपये की रकम ली गई, जिसका कथित तौर पर गबन कर लिया गया।
मामले में तहरीर मिलने के बाद रामगढ़ताल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच के दौरान अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अभियुक्ता के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्ता के खिलाफ रामगढ़ताल थाने में कुल तीन मुकदमे दर्ज हैं—
– मु0अ0सं0 0750/2025 — धारा 420/467/468/471 व 120बी भादवि।
– मु0अ0सं0 0825/2025 — धारा 419/420/467/468/471/506/120बी भादवि।
– मु0अ0सं0 0760/2025 — धारा 419/420/467/468/471 भादवि।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनोज कुमार, कांस्टेबल विक्रम यादव, रिजर्व कांस्टेबल प्रिया वर्मा और रिजर्व कांस्टेबल हिमांशी शामिल रहीं।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद निवेश के नाम पर कथित तौर पर अत्यधिक मुनाफे का लालच देकर लोगों से रकम हड़पने वाले मामलों में सख्ती का संदेश गया है।











