
मऊ: मुहम्मदाबाद गोहना, । शारदीय नवरात्र के अवसर पर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी अग्रवाल समाज के प्रवर्तक तथा लोकतंत्र, अहिंसा और समाजवाद के प्रणेता महाराजा अग्रसेन की 5150वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। बुधवार की शाम नगर पंचायत के मोहल्ला सैदपुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में आयोजित जयंती समारोह में आजमगढ़ जनपद से आए अग्रवाल समाज हितकारिणी न्यास ट्रस्ट के अध्यक्ष अतुल कुमार अग्रवाल उर्फ मुन्ना बाबू ने महाराजा अग्रसेन एवं बाबा भीमा शाह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर पूजन-अर्चन किया।
इस अवसर पर अग्रवाल समाज के तहसील अध्यक्ष राजेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि समाज के सभी लोगों को महाराजा अग्रसेन के बताए मार्ग पर चलते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने, आपसी सहयोग बढ़ाने और समानता की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन की जयंती का यह आयोजन उनके आदर्शों और समाजवाद के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ समाज की एकता का भी उदाहरण प्रस्तुत करता है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को महापुरुषों के विचारों और उनके योगदान के बारे में जानने का अवसर मिलता है।
समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने महाराजा अग्रसेन की आरती की। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया।
इस मौके पर अग्रवाल समाज के पूर्व अध्यक्ष भरत दास अग्रवाल, पवन कुमार अग्रवाल, शरद जसरा, सरिया राज अग्रवाल, राम अग्रवाल, रघुवीर शरण, अमरनाथ अग्रवाल, नंदलाल पोद्दार, विवेक पोद्दार, आशीष अग्रवाल, बृजेश अग्रवाल, कन्हैया अग्रवाल सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
समारोह की अध्यक्षता भरत दास अग्रवाल ने की। वहीं, अग्रवाल समाज के अध्यक्ष राजेश कुमार अग्रवाल ने कार्यक्रम में आए सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।











