
लंबित मांगों के समाधान को लेकर चरणबद्ध आंदोलन जारी
मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत कार्यरत संविदा कर्मचारियों की लंबित एवं न्यायोचित मांगों के समाधान को लेकर प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर चरणबद्ध आंदोलन जारी है। इसी क्रम में सोमवार से 7 अक्टूबर तक मुहम्मदाबाद गोहना में NHM संविदा कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर अपने नियमित कार्यों का निर्वहन करते हुए सांकेतिक विरोध दर्ज कराया।
कर्मचारियों का कहना है कि सीमित मानदेय, सेवा संबंधी असुरक्षा तथा विभिन्न कठिन परिस्थितियों के बावजूद संविदा कर्मचारी स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद उनकी कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं।
संगठन की ओर से शासन से लंबित मांगों का शीघ्र समाधान किए जाने तथा प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री से वार्ता के लिए समय प्रदान किए जाने की मांग की गई है। कर्मचारियों ने कहा कि आंदोलन को शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं अनुशासित तरीके से संचालित करते हुए अपनी मांगों को शासन तक पहुंचाया जा रहा है।
इस दौरान सर्वेश सिंह, रंजू मौर्य, नीतू शर्मा, अविनाश सिंह, प्रिय बुद्ध, शिवम पांडे, रितेश कुमार राय समेत स्टाफ नर्स एवं अन्य संविदा कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया।











