
मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को कलश ज्योति यात्रा को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहीद चौक से बाइक रैली निकाली। भाजपा की पूर्व प्रत्याशी पूनम सरोज के नेतृत्व में करीब डेढ़ सौ बाइक सवार कार्यकर्ता यात्रा में शामिल हुए। रैली मऊ मुख्यालय के गाजीपुर चौराहा पहुंची, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑनलाइन संबोधन कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। यात्रा रवाना होने से पूर्व शहीद चौक पर भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्र हुए और शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर नमन किया। इसके बाद बाइक रैली के रूप में कार्यकर्ता मऊ के लिए रवाना हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह नजर आया। यात्रा में भाजपा के वरिष्ठ नेता छोटू प्रसाद, डॉ उमेश सरोज, भूपेंद्र सिंह, अंकित सरोज, अमित सरोज, मुन्ना सिंह, जनार्दन शर्मा, शशांक त्रिपाठी, सूरज गुप्ता, राहुल सरोज, आशीष चौधरी, अभिषेक सरोज, सुमित समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे। कार्यकर्ताओं ने सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।











