
मऊ। दोहरीघाट, थाना क्षेत्र के जमुनीपुर गांव से वर्ष 2017 में लापता हुई युवती बुधवार को करीब नौ वर्ष बाद सकुशल अपने घर लौट आई। युवती के घर पहुंचने की जानकारी मिलते ही परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार जमुनीपुर निवासी साधना पुत्री शिवचन्द करीब 30 वर्ष की हैं। वह छह सितंबर 2017 को बिना किसी को बताए घर से चली गई थीं। काफी तलाश के बावजूद जब उनका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने थाना दोहरीघाट में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी।
गुमशुदगी दर्ज होने के बाद से ही पुलिस युवती की तलाश में जुटी थी। पुलिस द्वारा संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाने के साथ ही परिजनों से संपर्क बनाए रखते हुए तलाश के प्रयास किए जा रहे थे। इसी बीच बुधवार, सात अक्टूबर 2026 को साधना स्वयं सकुशल अपने घर पहुंच गईं।
पुलिस के अनुसार युवती ने बताया कि वह वर्ष 2017 में अपनी मर्जी से घर से चली गई थीं और अब स्वयं वापस लौटी हैं। युवती के सकुशल मिलने के बाद पुलिस द्वारा आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण एवं अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
करीब नौ वर्ष बाद बेटी के सकुशल घर लौटने से परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिजनों ने युवती की सकुशल वापसी पर मऊ पुलिस और दोहरीघाट पुलिस के प्रति आभार जताया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।











