
मऊ। आगामी त्योहारों और शारदीय नवरात्रि को देखते हुए रानीपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस महानिदेशक (DGP) के निर्देश पर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में रविवार की रात क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान रानीपुर बाजार के तिराहे सहित विभिन्न स्थानों पर संदिग्ध वाहनों की जांच की गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर उनके कागजातों की जांच की तथा चालकों से पूछताछ की। साथ ही वाहनों में लगे मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर और प्रेशर हॉर्न की भी जांच की गई। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में उपनिरीक्षक धीरेन्द्र बहादुर सिंह, जय सिंह मौर्या, दीवान सत्येन्द्र यादव और सिपाही रवि शुक्ला सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
थाना प्रभारी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाना और त्योहारों के दौरान क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और अवैध रूप से हूटर, प्रेशर हॉर्न व मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस के इस अभियान से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की पहल की गई है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की।











