
जांच में कहीं नहीं मिला कैल्शियम कार्बाइड का प्रयोग, कमियां मिलने पर तीनों प्रतिष्ठानों को सुधार सूचना जारी
मऊ। जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को औद्योगिक क्षेत्र गाजीपुर तिराहा स्थित तीन बनाना रिपेनिंग चैंबरों का निरीक्षण किया। यह कार्रवाई आयुक्त के आदेश एवं जिलाधिकारी मऊ के निर्देश के क्रम में की गई।
सहायक आयुक्त खाद्य-2 सुश्री मंजूषा सिंह के नेतृत्व में टीम ने आजाद फ्रूट कंपनी, एसके इंटरप्राइजेज और इंडिया फ्रूट कंपनी के बनाना रिपेनिंग चैंबरों की जांच की। निरीक्षण के दौरान तीनों प्रतिष्ठानों के खाद्य कारोबारकर्ताओं ने खाद्य अनुज्ञप्ति प्रस्तुत की।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, मौके पर किए गए निरीक्षण में तीनों चैंबरों में केले पकाने के लिए प्रतिबंधित कैल्शियम कार्बाइड का प्रयोग होता हुआ नहीं पाया गया। हालांकि, निरीक्षण के दौरान परिसर में कुछ कमियां मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार सूचना जारी की जा रही है।
इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार राना, अजीत कुमार त्रिपाठी, ओम प्रकाश यादव और रीता शामिल रहीं।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखना तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।











