
मोहम्मदाबाद गोहना में डीजे संचालकों की बैठक, निर्धारित मानकों के तहत ही डीजे बजाने की अपील।
मऊ। मोहम्मदाबाद गोहना स्थानीय कोतवाली परिसर में बुधवार दोपहर कोतवाली क्षेत्र के समस्त डीजे संचालकों की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने ऑनलाइन प्रसारण के माध्यम से डीजे संचालकों से पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन करने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शासन द्वारा डीजे संचालन के लिए निर्धारित मानकों का सभी संचालक अनिवार्य रूप से पालन करें। विशेष रूप से विसर्जन के दौरान डीजे की ऊंचाई और अन्य निर्धारित नियमों का ध्यान रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करते हुए कोई भी डीजे संचालक पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने डीजे संचालकों को नियमों के प्रति जागरूक करते हुए पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। इस दौरान कोतवाली क्षेत्र के लगभग दो दर्जन डीजे संचालक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपनिरीक्षक मिथिलेश कुमार, अरविंद कुमार यादव, अनिल सिंह, नूर आलम, राजेश कुमार गौतम, वैभव कुमार पांडेय, सुरेंद्र कुमार पाठक, महेश पाल सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।











