
श्री कृष्णा रामलीला सेवा समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए की प्रार्थना।
मऊ। मोहम्मदाबाद गोहना स्थानीय राजगद्दी मैदान में मंगलवार की रात श्री कृष्णा रामलीला सेवा समिति के मंच पर रामलीला शुरू होने से पूर्व समिति के कलाकार एवं पदाधिकारी रिंकू शर्मा के असामयिक निधन पर शोकसभा आयोजित की गई। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
शोकसभा में समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि रिंकू शर्मा समिति के एक महत्वपूर्ण कार्यकर्ता थे। उनके असामयिक निधन से समिति को अपूरणीय क्षति हुई है। उनके जाने से सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता बेहद दुखी हैं। इस दुख की घड़ी में समिति के सभी सदस्य शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं।
इस दौरान पूरे वातावरण में शोक का माहौल रहा। समिति के सदस्यों ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
शोकसभा में लालजी वर्मा, संजीव उपाध्याय, संतोष मल्होत्रा, दिलीप कश्यप, श्याम जी जायसवाल, नीलू प्रधान, अभिषेक सोनकर, बनवारी सोनकर सहित रामलीला समिति के समस्त पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











