
मऊ: संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा क्षेत्र के 10 गांवों में अंबेडकर पार्कों के विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया जाएगा। इसके तहत मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के आठ और रानीपुर ब्लाक के दो गांवों को शामिल किया गया है। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। रानीपुर ब्लाक के एकडंगा और पिंजड़ा गांव में अंबेडकर पार्क के विकास कार्यों का भूमि पूजन होगा। वहीं मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के बारा, करहा घुटना, नगपुर, अनुपार, तवक्कलपुर, अरैला, याकूबपुर और नगदोपुर गांव में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना का उद्देश्य भारत रत्न बाबासाहेब डॉ भीमराव आंबेडकर के विचारों, आदर्शों और सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। योजना के तहत गांवों में स्थित प्रतिमा स्थलों का नवीनीकरण एवं सुंदरीकरण कराया जाएगा। जिन स्थलों पर अभी तक प्रतिमा स्थापित नहीं है, वहां प्रतिमा लगाई जाएगी। जिन स्थानों पर छत नहीं बनी है, वहां छत का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही जिन पार्कों में बाउंड्रीवाल नहीं है, वहां बाउंड्रीवाल बनवाई जाएगी। 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ स्थित लोक भवन में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में प्रदेश स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। इसका सजीव प्रसारण भी प्रत्येक मूर्ति विकास स्थल पर टीवी अथवा एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दिखाने की व्यवस्था की जाएगी। इस पहल से गांवों में बाबासाहेब के विचारों और संविधान के मूल्यों को लेकर जागरूकता बढ़ने के साथ ही प्रतिमा स्थलों का कायाकल्प भी होगा।











