Responsive Menu

Download App from

Download App

Follow us on

Donate Us

शादी-विवाह के सीजन में रोडवेज बसों में बढ़ी भीड़, खड़े होकर सफर करने को मजबूर यात्री

Author Image
Written by
हारून खान

मोहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। शादी-विवाह एवं अन्य मांगलिक कार्यक्रमों के सीजन में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। हालत यह है कि बसों में सीट नहीं मिलने पर यात्रियों को खड़े होकर सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। विभिन्न मार्गों पर यात्रियों की बढ़ती संख्या के बावजूद अतिरिक्त बसों का संचालन नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।

शुक्रवार की सुबह स्थानीय रोडवेज बस स्टैंड पर कई दर्जन यात्री अपने गंतव्य तक जाने के लिए बसों का इंतजार करते नजर आए। यात्रियों को करीब एक घंटे से अधिक समय तक इंतजार करना पड़ा। काफी देर बाद बस पहुंची भी तो उसमें पहले से ही यात्रियों की भीड़ थी। ऐसे में स्थानीय बस स्टैंड से यात्रा करने वाले लोगों के लिए बस में जगह मिलना मुश्किल हो गया।

इन दिनों शादी-विवाह के कार्यक्रमों के साथ विभिन्न छात्र-छात्राओं की परीक्षाएं भी चल रही हैं। परीक्षा देने के लिए विद्यार्थी दूसरे जनपदों में जाने को मजबूर हैं। बसों में पर्याप्त जगह नहीं मिलने के बावजूद छात्र-छात्राएं किसी तरह यात्रा कर परीक्षा केंद्रों तक पहुंच रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि परिवहन निगम को इस सीजन में अतिरिक्त बसों का संचालन करना चाहिए, जिससे लोगों को राहत मिल सके।

स्थानीय बस स्टैंड पर यात्रियों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था भी नहीं है। बसों के आवागमन और उनके समय की जानकारी लेने के लिए यात्रियों को आसपास की पान, चाय एवं मिठाई की दुकानों पर पूछताछ करनी पड़ती है। लेकिन दुकानदारों के पास भी बसों के समय और संचालन की स्पष्ट जानकारी नहीं होने से यात्रियों को असमंजस का सामना करना पड़ता है।

यात्रियों का कहना है कि मोहम्मदाबाद गोहना तहसील मुख्यालय होने के बावजूद यहां व्यवस्थित बस स्टेशन और यात्रियों की जानकारी के लिए पूछताछ कार्यालय तक उपलब्ध नहीं है। बसों का इंतजार करने वाले लोगों को बैठने की सुविधा भी नहीं मिलती, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को विशेष परेशानी होती है।

यात्रियों ने उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि शादी-विवाह एवं परीक्षा के सीजन को देखते हुए अतिरिक्त बसों का संचालन कराया जाए। साथ ही स्थानीय बस स्टैंड पर यात्रियों के बैठने और बसों की जानकारी देने के लिए उचित व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को परेशानी से राहत मिल सके।

आज का राशिफल

वोट करें

क्या चुनाव में धनबल (पैसा) का असर पड़ता है?

शनिवार, 28 नवंबर 2026

आज का सुविचार

समय, विश्वास और सम्मान, ये ऐसे पक्षी हैं जो एक बार उड़ जाएं तो वापस नहीं आते। इसलिए इनकी कीमत समझें और इन्हें कभी न खोएं, क्योंकि इन्हें दोबारा हासिल करना लगभग असंभव होता है।

Advertisement Box
✕
[news_reels]
WhatsApp