
मऊ। रानीपुर-खुरहट मार्ग पर गुरुवार दोपहर बाइक और साइकिल की टक्कर में दो किशोरियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा बरवनी माई स्थल के समीप हुआ। घायलों में एक की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि दूसरी का इलाज सीएचसी रानीपुर में जारी है।
जानकारी के मुताबिक, भुसुवा गांव निवासी अनुष्का (16) और अशिका (13) साइकिल से पानी पीने जा रही थीं। इसी दौरान रानीपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों किशोरियां सड़क पर गिरकर घायल हो गईं।
स्थानीय लोगों की सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर ले जाया गया। चिकित्सकों ने अनुष्का की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि अशिका का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
ग्रामीणों ने मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की है।











