
Written by
Rajeev Sharma
- मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ) : तहसील प्रशासन में बुधवार को महत्वपूर्ण बदलाव हुआ, जब नवागत उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री ने बुधवार देर शाम अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। इससे पहले यहां तैनात एसडीएम अभिषेक गोस्वामी का स्थानांतरण इसी तहसील में न्यायिक मजिस्ट्रेट के पद पर कर दिया गया है। अर्चना अग्निहोत्री इससे पूर्व न्यायिक पद पर तैनात थीं, जिन्हें अब प्रशासनिक उपजिलाधिकारी के रूप में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने तहसील के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर कार्यप्रणाली को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य नियमों के अनुसार और पारदर्शिता के साथ किए जाएंगे। किसी भी पीड़ित को न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता होगी और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कार्य में लापरवाही या अनियमितता पाई गई, तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नई एसडीएम के पदभार संभालने के बाद तहसील प्रशासन में कार्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं जवाबदेह बनाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।










