मऊ। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में शनिवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने किया। इस दौरान उन्होंने रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके इस मानवीय कार्य की सराहना की।

जिलाधिकारी ने कहा कि रक्तदान महादान है और रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त तीन लोगों का जीवन बचाने में सहायक हो सकता है। जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त उपलब्ध रहने से आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर रक्त मिल सकेगा।
उन्होंने समाज में रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने तथा स्वस्थ व्यक्तियों को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.एन. सिंह, शारदा नारायण हॉस्पिटल के डॉ. संजय सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।











