
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। शासन के निर्देशानुसार रविवार को विकासखंड क्षेत्र के करहा सहित चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला आयोजित किया गया। स्वास्थ्य मेले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जुड़े चिकित्सकों ने विभिन्न स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर पहुंचकर मरीजों की जांच की और उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित कीं।
स्वास्थ्य मेले का निरीक्षण करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. रामबदन ने मरीजों का हालचाल जाना और उन्हें गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि लोग स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें, हरी सब्जियां, ताजे फल, नींबू पानी एवं अन्य तरल पदार्थों का सेवन करें। साथ ही तेलयुक्त एवं खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से परहेज करें, ताकि मौसमी बीमारियों से बचा जा सके।
मेले में सर्वाधिक सर्दी-जुकाम, खांसी, गैस्ट्रो, डायरिया, शुगर एवं उच्च रक्तचाप से संबंधित मरीज पहुंचे। चारों स्वास्थ्य केंद्रों पर कुल 178 मरीजों का चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
इस अवसर पर डॉ. जावेद अहमद, डॉ. संजय चौहान, डॉ. बलवंत, डॉ. मोहम्मद शारिक, डॉ. उत्तम, फार्मासिस्ट सूबेदार सरोज सहित एएनएम, स्टाफ नर्स एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात रहकर अपनी सेवाएं देते रहेंगे
“मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला: चार केंद्रों पर 178 मरीजों का इलाज, चिकित्सकों ने स्वच्छता और संतुलित आहार का दिया संदेश”











