
पर्व से पहले मिठाई दुकानों पर खाद्य विभाग की छापेमारी, खुले खाद्य पदार्थों की बिक्री पर चेतावनी
मऊ। मोहम्मदाबाद गोहना आगामी पर्वों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी और अस्वच्छता के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय सुश्री मंजूषा सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओम प्रकाश यादव समेत विभागीय टीम ने शाहिद चौराहा, कैलेंडर तिराहा सहित विभिन्न स्थानों पर स्थित करीब आधा दर्जन मिठाई की दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने दुकानों के खाद्य लाइसेंस, पंजीयन एवं उनके नवीनीकरण की स्थिति की जांच की। कुछ दुकानों पर साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर दुकानदारों को सुधार का मौका देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि खुले में मिठाइयां या अन्य खाद्य पदार्थ रखकर बिक्री करते पाए जाने पर आगे कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने दुकानदारों से कहा कि आगामी पर्वों को देखते हुए खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट न करें और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। साथ ही जिन दुकानदारों के लाइसेंस की वैधता अगले दो माह में समाप्त होने वाली है, उन्हें समय से लाइसेंस का नवीनीकरण कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के बाद खाद्य विभाग की टीम जिला मुख्यालय के लिए रवाना हो गई।











