
सहायता प्राप्त व निजी विद्यालयों में विभागीय कार्यक्रमों की शत-प्रतिशत पूर्णता पर जोर
मऊ। मोहम्मदाबाद गोहना जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय एवं खंड शिक्षा अधिकारी मोहम्मदाबाद गोहना ओमप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में विकासखंड के परिषदीय विद्यालयों के साथ-साथ सहायता प्राप्त एवं निजी मान्यता प्राप्त विद्यालयों में विभागीय कार्यक्रमों की शत-प्रतिशत पूर्णता सुनिश्चित कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में मंगलवार को जनपद के एसआरजी संजय कुमार तिवारी तथा न्याय पंचायत सुरहुरपुर के नोडल शिक्षक संकुल वंशराज प्रसाद ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान ऐसे सहायता प्राप्त एवं निजी मान्यता प्राप्त विद्यालयों से संपर्क किया गया, जहां संबंधित विभागीय कार्य अभी पूर्ण होना बाकी था।
अभियान के दौरान निर्धारित विद्यालयीय समयावधि समाप्त होने के बाद भी कार्य जारी रखा गया। लगभग एक दर्जन विद्यालयों में लंबित कार्यक्रमों को पूरा कराने के लिए आवश्यक सहयोग, तकनीकी मार्गदर्शन एवं प्रेरणा प्रदान की गई। विद्यालयों के शिक्षकों से समन्वय स्थापित कर लंबित कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई और उन्हें शीघ्र शत-प्रतिशत पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया गया।
एसआरजी संजय कुमार तिवारी ने कहा कि विभागीय कार्यक्रमों की वास्तविक सफलता तभी सुनिश्चित होगी, जब परिषदीय विद्यालयों के साथ-साथ सहायता प्राप्त एवं निजी मान्यता प्राप्त विद्यालय भी पूरी सक्रियता और प्रतिबद्धता के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें। इसके लिए प्रत्येक स्तर पर समन्वय, सतत अनुश्रवण और सहयोग की भावना आवश्यक है।
खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में विकासखंड स्तर पर संबंधित कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा की जा रही है। शेष विद्यालयों को भी लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अभियान के दौरान विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक मौजूद रहे।











