
मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के पट्टी गांव निवासी 18 वर्षीय आकाश गोंड ने रविवार दोपहर पारिवारिक विवाद के चलते तमसा नदी के पुल से छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने नाव के सहारे युवक की तलाश की, लेकिन देर तक उसका कोई पता नहीं चल सका।
जानकारी के अनुसार, आकाश रविवार दोपहर करीब दो बजे साइकिल से तमसा नदी के पुल पर पहुंचा। वहां पहुंचने के बाद उसने अचानक नदी में छलांग लगा दी। पुल से गुजर रहे लोगों ने युवक को नदी में कूदते देख शोर मचाया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही वलीदपुर चौकी पर तैनात चौकी प्रभारी नूरआलम मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से नाव के जरिए नदी में युवक की तलाश शुरू कराई।हालांकि, काफी प्रयास के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमलकांत वर्मा भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने नदी में उतरकर युवक की तलाश शुरू की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका पता नहीं चल सका था।











