
मौसम में बदलाव से बढ़ रहे सर्दी-जुकाम और खांसी के मरीज, चिकित्सकों ने दी सावधानी बरतने की सलाह।
मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना शासन के निर्देश पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद गोहना के अंतर्गत करहां समेत चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर किया गया। मेले में चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं। चारों स्वास्थ्य केंद्रों पर कुल 153 मरीजों की जांच कर उपचार किया गया।
इस दौरान अस्पताल अधीक्षक डॉ. फैयाज अहमद ने मरीजों के साथ आए अभिभावकों को मौसम में हो रहे बदलाव के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि दिन में तेज धूप और शाम को ठंडी हवाओं के कारण सर्दी-जुकाम, खांसी जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। वहीं, लोगों को ब्लड प्रेशर और शुगर जैसी बीमारियों के प्रति भी सावधानी बरतनी चाहिए।
उन्होंने लोगों को ताजा भोजन और हरी सब्जियों का सेवन करने तथा खुले में रखे खाद्य पदार्थों से परहेज करने की सलाह दी। साथ ही घरों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और कहीं भी पानी जमा न होने देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जमा पानी में मच्छरों के पनपने से मलेरिया समेत मच्छर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
स्वास्थ्य मेले के दौरान विभिन्न केंद्रों पर चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी सेवाएं दीं। इस मौके पर डॉ. जावेद अहमद, डॉ. संजय चौहान, डॉ. बलवंत, फार्मासिस्ट हंसराज यादव, उपासना राय, रितेश कुमार, शिवम पांडेय समेत एएनएम और स्टाफ नर्स विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात रहे।











