
साइबर पुलिस टीम ने पीड़ित को लौटाया टेक्नो कंपनी का मोबाइल, वापस पाकर खिले चेहरे
मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना पुलिस अधीक्षक एम. सर्वेश मिश्रा के आदेश के अनुपालन में साइबर फ्रॉड के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मुहम्मदाबाद गोहना पुलिस को सफलता मिली है। साइबर पुलिस टीम ने गुम हुए टेक्नो कंपनी के मोबाइल फोन को बरामद कर उसके मालिक को वापस सौंप दिया। मोबाइल की अनुमानित कीमत 16,900 रुपये बताई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ जनपद के उमानपुर निवासी विजय बहादुर चौहान पुत्र हरकीराम चौहान का टेक्नो कंपनी का मोबाइल फोन गुम हो गया था। मोबाइल गुम होने के बाद उन्होंने इस संबंध में पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया था। शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना मुहम्मदाबाद गोहना की साइबर पुलिस टीम ने मोबाइल बरामद कर पीड़ित को वापस करा दिया।
मोबाइल वापस मिलने पर विजय बहादुर चौहान ने खुशी जाहिर करते हुए पुलिस टीम की सराहना की।
यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार, क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार सिंह तथा प्रभारी निरीक्षक कमल कांत वर्मा के निर्देशन में की गई। मोबाइल बरामद कराने में साइबर प्रभारी शालिनी मौर्य सहित पुलिसकर्मियों का विशेष योगदान रहा।











