
मुहम्मदाबाद गोहना / मऊ। साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत स्थानीय पुलिस को एक और सफलता मिली है। साइबर ठगी के शिकार युवक की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना पुलिस की साइबर टीम ने फ्रॉड की गई धनराशि वापस कराकर पीड़ित को बड़ी राहत दिलाई।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के आदेशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी एवं प्रभारी निरीक्षक कमलकांत वर्मा के निर्देशन में थाना स्तर पर साइबर अपराधों की लगातार निगरानी की जा रही है।
इसी क्रम में थाना स्थानीय के साइबर पोर्टल पर विरेन्द्र चौहान पुत्र राजकुमार निवासी चिश्तीपट्टी थाना मुहम्मदाबाद गोहना द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने यूपीआई के माध्यम से उनके खाते से रुपये की ठगी कर ली है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
थाना की साइबर टीम में तैनात कांस्टेबल संजय गुप्ता, महिला कांस्टेबल शालिनी मौर्य एवं महिला कांस्टेबल प्रिया सिंह ने तकनीकी जांच और आवश्यक कार्रवाई करते हुए पीड़ित की फ्रॉड हुई 5 हजार रुपये की धनराशि वापस उसके खाते में ट्रांसफर करा दी।
अपने खाते में रुपये वापस मिलने के बाद पीड़ित विरेन्द्र चौहान ने खुशी जताते हुए पुलिस टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि समय रहते कार्रवाई होने से उन्हें राहत मिली और लोगों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हुआ।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, कॉल या यूपीआई रिक्वेस्ट पर भरोसा न करें। किसी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि को सुरक्षित कराया जा सके।










