
मुहम्मदाबाद गोहना / मऊ। शासन के निर्देश पर विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से 15 मई से 22 मई तक चलाए जा रहे विशेष मेगा शिविर अभियान के तहत शुक्रवार को स्थानीय विद्युत उपकेंद्र हालिमाबाद में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस शिविर में बड़ी संख्या में उपभोक्ता अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
अधिशासी अभियंता महेशचंद्र विश्वकर्मा के नेतृत्व में आयोजित शिविर का संचालन एसडीओ विद्युत कृष्ण यादव द्वारा किया गया। शिविर में कुल 15 प्रकरण सामने आए, जिनमें से 9 मामलों का तत्काल मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 6 मामलों में विभागीय जांच और रिपोर्ट तलब की गई है, ताकि उनका भी शीघ्र समाधान कराया जा सके।
विशेष शिविर में उपभोक्ताओं द्वारा नाम परिवर्तन, विद्युत भार वृद्धि, घरेलू कनेक्शन को कमर्शियल में परिवर्तित कराने, गलत एवं बढ़े हुए बिजली बिलों में संशोधन, खराब मीटर और अन्य तकनीकी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए। अधिकारियों ने संबंधित मामलों को गंभीरता से सुनते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की।
एसडीओ कृष्ण यादव ने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि शासन की मंशा है कि विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान पारदर्शी और त्वरित तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं को बिजली विभाग से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या है, वे विशेष शिविर अथवा उपखंड कार्यालय पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि मौके पर ही उसका समाधान किया जा सके।
उन्होंने बताया कि मेगा शिविर अभियान के माध्यम से उपभोक्ताओं को विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और लंबित मामलों का तेजी से निस्तारण होगा।
इस अवसर पर अवर अभियंता रमाकांत यादव, अरविंद कुशवाहा, छोटेलाल, रामविलास पासवान, दीपक चौरसिया, उमेश यादव, प्रभाकर तथा विपिन चतुर्वेदी सहित विद्युत विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे और पूरे शिविर के दौरान उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान में जुटे रहे।










