
नाबालिग के अपहरण में वांछित युवक गिरफ्तार
रानीपुर (मऊ)। नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में वांछित आरोपी को रानीपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान रोशन राजभर (21) पुत्र रामसरन राजभर निवासी पलिया थाना रानीपुर के रूप में हुई है। वह थाना क्षेत्र में दर्ज मुकदमा संख्या 77/2026 में वांछित चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को पलिया बाजार क्षेत्र में वांछितों की तलाश के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के याकूबपुर-शमशाबाद अंडरपास के पास किसी वाहन का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर अपने साथ मुंबई ले जाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) व 87 के तहत मुकदमा दर्ज है। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया।











