घोसी पिढ़वल मोड़ पर बुजुर्ग महिला शांति चौहान की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद हुए सड़क जाम, पथराव और बवाल के मामले में घोसी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 39 नामजद आरोपितों में से 22 युवकों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया। मामले में 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर एवं अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के निर्देश पर कोतवाल रविन्द्र नाथ राय के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान सुभाष चौहान, रामविनय कन्नौजिया, देवेंद्र कुमार, मृत्युञ्जय राजभर, सुजीत कन्नौजिया समेत 22 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी टीम में निरीक्षक अपराध मोतीलाल पटेल, एसआई राजेंद्र प्रसाद, दिवाकर राणा, सूरज सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
कोतवाल रविन्द्र नाथ राय ने बताया कि कानून व्यवस्था को अपने हाथ में लेकर बवाल और सड़क जाम करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मामले में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ भी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी











