
Written by
Vipinkumar Singh
रानीपुर थाना क्षेत्र के नगपुर गांव स्थित प्राचीन राम जानकी मंदिर से हनुमान जी की मूर्ति पर लगा चांदी का मुकुट चोरी होने का मामला सामने आया है। शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे एक युवक मोटरसाइकिल से मंदिर पहुंचा और दर्शन करने की बात कहकर गर्भगृह में प्रवेश कर गया। कुछ ही देर बाद वह तेजी से बाइक से फरार हो गया। उसकी हरकत संदिग्ध लगने पर पुजारी महातम तिवारी गर्भगृह में पहुंचे तो हनुमान जी की मूर्ति पर लगा चांदी का मुकुट गायब मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर परिसर में जुट गई। पुजारी ने मामले की तहरीर रानीपुर थाने में दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।











