
मऊ। मोहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के ग्राम पलिया एवं ग्राम भातकोल में शराब की दुकानों को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित किए जाने को लेकर बुधवार को प्रशासन एवं आबकारी विभाग की टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया। उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री एवं आबकारी निरीक्षक बजरंगी चौरसिया के नेतृत्व में विभागीय अधिकारियों ने दोनों स्थानों पर पहुंचकर प्रस्तावित नए स्थलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शराब की दुकानों को स्थानांतरित किए जाने के लिए नए स्थानों को चिन्हित किया। जांच के बाद दोनों स्थानों पर नियमानुसार दुकानें संचालित किए जाने के लिए स्थल का अनुमोदन किया गया।
आबकारी निरीक्षक बजरंगी चौरसिया ने बताया कि दोनों दुकानों को नए स्थानों पर शिफ्ट करने की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य आमजन को किसी प्रकार की समस्या से बचाना तथा निर्धारित नियमों के अनुसार शराब की दुकानों का संचालन सुनिश्चित करना है। उन्होंने संबंधित लोगों को नियमानुसार दुकान संचालित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान अजय बहादुर सिंह, सत्यपाल सिंह समेत आबकारी विभाग के अन्य कर्मचारी एवं अधिकारी मौजूद रहे।











