
मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना नगर पंचायत वलीदपुर में बुधवार को स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत चल रहे 157 घंटे के नॉन-स्टॉप महासफाई अभियान के षष्ठम दिवस पर सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में सफाई मित्रों, कर्मचारियों एवं आमजन के स्वास्थ्य की जांच की गई। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति आवश्यक जानकारी देते हुए बचाव और सावधानियों के संबंध में परामर्श दिया।
इस अवसर पर नगर पंचायत के सफाई मित्रों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र एवं पीपीई किट प्रदान कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि सफाई मित्र स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
शिविर में नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई। पीएम स्वनिधि, पीएम आवास योजना, आयुष्मान कार्ड योजना सहित अन्य योजनाओं से संबंधित जानकारी पात्र लाभार्थियों को दी गई। साथ ही योजनाओं के लिए आवश्यक प्रक्रिया, पात्रता एवं आवेदन के संबंध में मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता के साथ-साथ सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान पर भी जोर दिया गया। इस दौरान “सफाई मित्रों का सम्मान—स्वच्छता का सम्मान” और “स्वच्छता ही सेवा, सेवा ही सम्मान” का संदेश दिया गया।











