
मोहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं सेवा भारती के तत्वावधान में शनिवार को स्टेशन रोड स्थित साइन सेवा सदन पर निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं कस्बे से पहुंचे मरीजों का विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवाएं वितरित कीं।
शिविर में वरिष्ठ चिकित्सक एवं सर्जन डॉ. प्रवीण कुमार मद्धेशिया, डॉ. उमेश सरोज, डॉ. सुमंत कुमार गुप्ता, डॉ. आनंद कुमार तथा दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. भानु प्रताप सरोज सहित अन्य चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर में हड्डी रोग, हृदय रोग, बाल रोग तथा सर्दी, खांसी जैसी मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक रही। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराईं।
हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. उमेश कुमार सरोज ने बताया कि मौसम में बदलाव और ठंड बढ़ने के कारण लोगों में जोड़ों का दर्द, कमर दर्द तथा साइटिका जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। ऐसे में समय पर जांच कराकर चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उपचार लेना जरूरी है। उन्होंने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और नियमित उपचार कराने की सलाह दी।
वहीं, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. भानु प्रताप सरोज ने दांतों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि भोजन के बाद दांतों की सफाई और उचित पेस्ट का इस्तेमाल दांतों से संबंधित समस्याओं से बचाव में सहायक होता है।
शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चला, जिसमें लगभग 242 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवाएं दी गईं। इस अवसर पर भाजपा की पूर्व प्रत्याशी पूनम सरोज, अंकित गुप्ता, तेजनाथ मौर्य, धर्मेंद्र सिंह, अंकित सरोज सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।











