
मऊ। मोहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के ओटनी गांव में शनिवार दोपहर खेत में आग लगने से किसान हरिश्चंद्र यादव की करीब छह बीघा गन्ने की फसल जलकर नष्ट हो गई। घटना शनिवार दोपहर लगभग तीन बजे की बताई जा रही है। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और आग बुझाने में जुट गए।
ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक खेत में खड़ी गन्ने की फसल जलकर राख हो चुकी थी। घटना से किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
मौके पर पहुंचे जिला पंचायत प्रत्याशी महेंद्र यादव ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। खेत के ऊपर से बिजली का तार गुजरने के कारण तार से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। आग की घटना के बाद किसान परिवार में नुकसान को लेकर चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी संबंधित लोगों तक पहुंचाई। किसान को फसल के नुकसान से आर्थिक संकट का सामना करना पड़ सकता है।











