
मोहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित स्वगणना अभियान को गति देने के लिए विकासखंड क्षेत्र में जागरूकता एवं तकनीकी सहयोग के प्रयास जारी हैं। इसी क्रम में शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार तिवारी के मार्गदर्शन तथा जनपद एसआरजी संजय कुमार तिवारी के नेतृत्व में मदरसा अरबिया फ़ैज़ुल ओलूम, मोहम्मदाबाद गोहना में एक ही दिन में 16 स्वगणनाएं सफलतापूर्वक संपन्न कराई गईं।
इस उपलब्धि में संस्थान के सहायक अध्यापक मोहम्मद ओसामा की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। उनकी सक्रियता, तकनीकी दक्षता और कार्य के प्रति समर्पण से स्वगणना अभियान को प्रभावी गति मिली। इस प्रयास को राष्ट्रीय दायित्व के प्रति जागरूकता और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण माना जा रहा है।
इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य मोहम्मद आरिफ, मास्टर परवेज, मौलाना काशिफ रज़ा, मौलाना इसराइल, मास्टर ख़ैरुल बशर, मौलाना ज़ुबैर, अहमद रज़ा, मौलाना अहमद रज़ा एवं इमरान हुसैन सहित अन्य लोगों का सहयोग रहा।
गौरतलब है कि स्वगणना अभियान 30 नवंबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इसके बाद जनगणना का अगला चरण शुरू होगा। स्वगणना के माध्यम से नागरिक स्वयं ऑनलाइन अपने परिवार से संबंधित जानकारी दर्ज कर सकते हैं। जनगणना के आंकड़े भविष्य में विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और संसाधनों के नियोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मदरसा अरबिया फ़ैज़ुल ओलूम में एक दिन में 16 स्वगणनाएं पूर्ण होना अभियान के प्रति जागरूकता, सामूहिक सहयोग और तकनीकी सहभागिता का उल्लेखनीय उदाहरण है।











