
आजमगढ़: जमीन विवाद में चहारदीवारी तोड़ने और धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में 6 गिरफ्तार
आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र में विवादित भूमि को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने 5 महिलाओं समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि चहारदीवारी तोड़ने, जान से मारने की धमकी देने और धार्मिक भावनाएं भड़काने की कोशिश की गई।
थाना बिलरियागंज के ग्राम शेखूपुर निवासी बदिउज्जमा पुत्र शब्बीर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि गाटा संख्या 36/0.015 हेक्टेयर भूमि की 4 मई 2026 को राजस्व विभाग की टीम द्वारा पैमाइश कर पत्थर निशान लगाया गया था। समाधान दिवस पर धारा-24 के तहत पैमाइश के बाद वादी ने उक्त जमीन पर चहारदीवारी का निर्माण शुरू कराया।
आरोप है कि विपक्षी पक्ष के लोग एक राय होकर मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए चहारदीवारी को तोड़ दिया। साथ ही धार्मिक भावनाओं को आहत करने के उद्देश्य से सुवर का कटा सिर और कटे अंग फेंक दिए तथा जान से मारने की धमकी दी।
तहरीर के आधार पर बिलरियागंज थाने में मुकदमा संख्या 113/2026 के तहत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी सगड़ी के नेतृत्व में 10 मई 2026 को उ0नि0 इसरार अहमद और उ0नि0 संतोष कुमार यादव की टीम ने ग्राम जैगहा में दबिश दी। पुलिस ने नोटिस तामील कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने नोटिस लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में सुरजी देवी पत्नी राजकुमार, रीता देवी पत्नी सुरेन्द्र, मनीषा पुत्री राजकुमार, रेनू पुत्री राजकुमार यादव, आरती पुत्री सुरेन्द्र यादव और मुकेश पुत्र सुरेन्द्र यादव शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम जैगहा थाना बिलरियागंज के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया।










