
आजमगढ़। थाना जहानागंज क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और बाद में जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 23 मार्च 2026 को पीड़िता ने थाना जहानागंज में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि मुबारकपुर थाना क्षेत्र के नूरपुर बुतात गांव निवासी पंकज पुत्र प्रधान ने उसके घर आने-जाने के दौरान कमरे में घुसकर उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया। पीड़िता के विरोध करने और परिजनों व पुलिस को जानकारी देने की बात कहने पर आरोपी ने शादी का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में आरोपी और उसके भाइयों ने शादी से इनकार कर दिया तथा पीड़िता व उसके भाइयों को जान से मारने की धमकी दी।
तहरीर के आधार पर थाना जहानागंज में मुकदमा संख्या 68/2026 धारा 64/351(3) बीएनएस के तहत पंकज व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को वरिष्ठ उपनिरीक्षक सविन्द्र राय ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी पंकज कुमार को उसके घर नूरपुर बुतात से सुबह करीब 5:35 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया।










