
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। स्थानीय सब्जी मंडी स्थित Union Bank of India की प्रीमियम शाखा में शुक्रवार को “यूनियन कनेक्ट प्रोजेक्ट योजना” के अंतर्गत एक भव्य ग्राहक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। बैंक परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों ने सम्मानित खाताधारकों एवं व्यापारियों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर बैंकिंग सेवाओं, योजनाओं और ग्राहकों की समस्याओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुख्य प्रबंधक (परिचालन) क्षेत्रीय कार्यालय तरुण कुमार सिंह ने ग्राहकों को संबोधित करते हुए कहा कि बैंक का मुख्य उद्देश्य ग्राहकों के साथ अपने संबंधों को और अधिक मजबूत बनाना तथा उनकी आवश्यकताओं और व्यवहार को बेहतर ढंग से समझना है। उन्होंने कहा कि यूनियन बैंक लगातार ग्राहकों को आधुनिक एवं सुगम बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है, ताकि व्यापारी, किसान, युवा एवं आम उपभोक्ता बिना किसी परेशानी के अपने वित्तीय कार्यों को आसानी से पूरा कर सकें।
उन्होंने कहा कि बैंक केवल लेन-देन तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्राहकों के विश्वास और सम्मान को बनाए रखना भी उसकी प्राथमिकता है। यदि किसी ग्राहक को बैंकिंग सेवाओं में किसी प्रकार की दिक्कत आती है तो वह निसंकोच बैंक अधिकारियों को अवगत कराएं, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके और सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सके।
संगोष्ठी के दौरान ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग, विभिन्न ऋण योजनाओं, बीमा, बचत योजनाओं तथा बैंक द्वारा संचालित अन्य सुविधाओं की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ग्राहकों को सुरक्षित डिजिटल लेन-देन और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की सलाह भी दी।
मुख्य शाखा प्रबंधक अरविंद कुमार पाठक ने बैंक की स्थानीय गतिविधियों एवं ग्राहकों को दी जा रही सुविधाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शाखा ग्राहकों की संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। कार्यक्रम में उपस्थित खाताधारकों ने भी बैंकिंग सेवाओं को लेकर अपने सुझाव और अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर धर्मेंद्र कुमार, नीरज जैन, पंकज जैन, पंकज पासवान, पंकज सिंह, मनोज कुमार, विजय गुप्ता, उदय प्रताप सिंह, आशीष सोनकर सहित बैंक के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में सम्मानित खाताधारक मौजूद रहे।










