
आजमगढ़ गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बिंद्रा बाजार में मामूली कहासुनी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दो परिवारों के बीच हुए विवाद में मारपीट के दौरान सूरज हलवाई नामक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने दूसरे पक्ष पर पीट-पीटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।जानकारी के अनुसार, बिंद्रा बाजार निवासी सूरज हलवाई का किसी बात को लेकर दूसरे पक्ष से विवाद हो गया था। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ी और दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चलने लगे। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने सूरज हलवाई की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे अस्पताल ले जाते, इससे पहले ही उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही गंभीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। एएसपी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।










