मोहम्मदाबाद गोहना साइबर ठगी का शिकार हुए एक युवक को मोहम्मदाबाद गोहना पुलिस की तत्परता से बड़ी राहत मिली है। थाना क्षेत्र के कमालपुर निवासी कमलेश द्विवेदी ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने यूपीआई के माध्यम से उनसे 47 हजार रुपये की ठगी कर ली है।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी शीतला प्रसाद पांडे के निर्देशन में थाना की साइबर टीम ने मामले की जांच शुरू की। उपनिरीक्षक विकास कुमार, महिला आरक्षी प्रिया सिंह और महिला आरक्षी शालिनी मौर्या ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित माध्यमों से समन्वय स्थापित कर पीड़ित की पूरी 47 हजार रुपये की धनराशि उसके खाते में वापस करा दी।धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस का आभार जताया। वहीं पुलिस ने लोगों से साइबर ठगी से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या लेनदेन की तत्काल शिकायत साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर पोर्टल पर करने की अपील की है।











