
मोहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को दो दिवसीय विशेष अभियान के पहले दिन उप जिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री ने तहसील क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा मतदाता सूची से संबंधित विभिन्न फार्मों को ऑनलाइन किए जाने के कार्य की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बीएलओ को निर्देशित किया कि अभियान के तहत अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं। विशेष रूप से जिन युवाओं की उम्र 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है और अभी तक उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हुआ है, ऐसे युवाओं का नाम जोड़ने की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाए।
उप जिलाधिकारी ने नगपुर, करहा, चिरैयाकोट सहित तहसील क्षेत्र के लगभग एक दर्जन मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित पाए गए और मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित कार्य करते मिले।
इस मौके पर राजस्व निरीक्षक अजय कुमार सिंह, सतपाल सिंह, रोशन यादव सहित तहसील के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।











