
मऊ के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक गंभीर सड़क हादसा हुआ। ग्रामसभा अलदेमऊ के पास रात करीब 8 बजे एक टोटो (ई-रिक्शा) और ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में टोटो सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, देवखरी ग्रामसभा निवासी 30 वर्षीय शमशेर कुमार पुत्र सुरेश राम मंगलवार रात रायपुर से अपने घर लौट रहे थे। चिरैयाकोट-रानीपुर मार्ग पर अलदेमऊ ग्रामसभा के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर से उनकी टोटो की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टोटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और शमशेर कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस पायलट शैलेश कुमार और ईएमटी चंद्रेश मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से घायल शमशेर को एम्बुलेंस द्वारा रानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया।
रानीपुर सीएचसी में प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने पाया कि युवक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उसकी बिगड़ती हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे तुरंत मऊ जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, घायल युवक की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है और उसे सघन निगरानी में रखा गया है।











