
मऊ। घोसी पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं को शुद्ध ईंधन और सही माप सुनिश्चित कराने के लिए प्रशासन ने गुरुवार को फोरलेन हाईवे पर हाजीपुर के पास स्थित मंगलम भारत पेट्रोल पंप पर औचक निरीक्षण किया। उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में पहुंची संयुक्त टीम ने पेट्रोल-डीजल की गुणवत्ता, माप, स्टॉक और सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से जांच की।
निरीक्षण टीम में आपूर्ति निरीक्षक अमित कुमार, बांट-माप निरीक्षक संतोषानंद तथा भारत पेट्रोलियम के एरिया सेल्स मैनेजर रणभीर रमन शामिल रहे। अधिकारियों ने मशीनों की शुद्धता, स्टॉक रजिस्टर, आवश्यक अभिलेखों और सुरक्षा मानकों का मौके पर सत्यापन किया।
जांच के बाद आपूर्ति निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि पेट्रोल पंप पर किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी नहीं मिली। ईंधन की गुणवत्ता, माप और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गईं।
उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। यदि कहीं भी माप या गुणवत्ता में गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।











